

उमरिया। विश्व रेडक्रॉस दिवस (08 मई 2026) के उपलक्ष्य में 02 मई से 08 मई 2026 तक मनाए जा रहे रेडक्रॉस सप्ताह के अंतर्गत आज उमरिया नगर के वार्ड क्रमांक 24 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में “निरोगी काया अभियान” के तहत महिला एवं युवतियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता, मातृत्व एवं शिशु कल्याण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माताओं, किशोरी बालिकाओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, पोषण, स्वच्छता एवं देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं युवतियों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने, संतुलित आहार लेने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही कार्यक्रम के दौरान माताओं, किशोरी बालिकाओं एवं शिशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा रेडक्रॉस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न साप्ताहिक कार्यक्रमों, जनसेवा गतिविधियों एवं स्वास्थ्य संबंधी अभियानों की जानकारी भी प्रदान की गई, जिससे वे इन गतिविधियों से जुड़कर समाज सेवा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।
उक्त कार्यक्रम भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, शाखा उमरिया के अध्यक्ष एवं कलेक्टर उमरिया श्रीमती राखी सहाय जी के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। उनके निर्देशन में जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को निरंतर विस्तार मिल रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा कार्य प्रभावी रूप से पहुंचाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया के सभापति श्री अखिलेश त्रिपाठी जी, सचिव श्री राकेश शर्मा जी एवं सदस्य श्री प्रिंस छंगवानी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही जिला समन्वयक महिला बाल विकास श्रीमती आराधना मिश्रा जी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं क्षेत्र की मातृ शक्ति की सक्रिय सहभागिता रही।
