भोपाल। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। एनएचडीसी लिमिटेड के सौजन्य से प्रदेश के 6 जिलों को एम्बुलेंस प्रदान की गईं।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश रेडक्रॉस शाखा के जनरल सेक्रेटरी श्री रामेंद्र सिंह ने बताया कि माननीय राज्यपाल एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के अध्यक्ष श्री मंगुभाई पटेल के कर-कमलों द्वारा छह जिलों से आए प्रतिनिधिमंडलों को एम्बुलेंस की चाबियां एवं वाहन सौंपे गए।
इस पहल का उद्देश्य जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को गति प्रदान करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
जनरल सेक्रेटरी श्री रामेंद्र सिंह ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी निरंतर मानव सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। एम्बुलेंस उपलब्ध होने से संबंधित जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
इस संबंध में रेडक्रॉस मध्यप्रदेश शाखा के चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे, आईएएस (सेवानिवृत्त) ने कहा कि रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा करना है। प्रदेश के जिलों में एम्बुलेंस उपलब्ध कराना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इन 6 जिलों को प्रदान की गईं एम्बुलेंस:
- छिंदवाड़ा
- सिवनी
- अशोकनगर
- भोपाल
- खंडवा
- नरसिंहपुर
रेडक्रॉस मध्यप्रदेश शाखा की इस पहल से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंद लोगों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी।





