• Home  
  • राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर का समापन
- YOUTH AND JUNIOR REDCROSS

राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर का समापन

जूनियर रेडक्रॉस राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर का समापन अंतिम दिन प्रतिभागियों ने गुना के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों का किया भ्रमण “स्वस्थ युवा–स्वस्थ राष्ट्र” का दिया गया संदेश गुना। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा, भोपाल द्वारा क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना में आयोजित पाँच दिवसीय जूनियर रेडक्रॉस राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर का सफलतापूर्वक समापन […]

जूनियर रेडक्रॉस राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर का समापन

अंतिम दिन प्रतिभागियों ने गुना के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों का किया भ्रमण

“स्वस्थ युवा–स्वस्थ राष्ट्र” का दिया गया संदेश

गुना। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा, भोपाल द्वारा क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना में आयोजित पाँच दिवसीय जूनियर रेडक्रॉस राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के अंतिम  दिन प्रदेशभर से आए जूनियर रेडक्रॉस के छात्र-छात्राओं को गुना के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया।

भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने हनुमान टेकरी, बीस भुजी माता मंदिर, राम दरबार, बजरंगगढ़ किला तथा जैन मंदिर जैसी ऐतिहासिक इमारतों को देखा और अपनी स्मृतियों को मोबाइल कैमरे में संजोया।

उल्लेखनीय है कि यह राज्य स्तरीय शिविर 12 दिसंबर से 16 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश के 28 जिलों से आए छात्र-छात्राओं, काउंसलरों, प्रशिक्षकों एवं वालंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर का शुभारंभ मध्यप्रदेश रेडक्रॉस राज्य शाखा के चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे , आईएएस (सेवानिवृत्त), जिला कलेक्टर एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष श्री किशोर कुमार कन्याल, जनरल सेक्रेटरी श्री रामेन्द्र सिंह, जिला रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. एल.के. शर्मा, सचिव डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री राकेश गोयल, जूनियर रेडक्रॉस प्रभारी श्री चंद्रेश जैन एवं जिला संगठक श्री प्रताप नारायण मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

शिविर के पाँचों दिनों में छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, फैंसी ड्रेस, एकल व समूह नृत्य, लोकनृत्य, लोकगीत, समूह गान, निबंध, रंगोली प्रतियोगिता एवं झांकी प्रदर्शनी (ग्लोबल डेवलपमेंट गतिविधि) जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इसके साथ ही प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर, आपदा प्रबंधन, व्यायाम एवं साहसिक गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

शिविर की थीम “राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण जागरूकता एवं संरक्षण” रही। आयोजित राज्य स्तरीय रैली का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि माननीय श्री अमिताभ मिश्राजी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गुना रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. डॉ. किशन यादव, कुलगुरु, क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना ने की। विशेष अतिथियों में श्री रामेन्द्र सिंह (जनरल सेक्रेटरी), श्री मनीष रावल (वाइस चेयरमैन), श्री दीपेश मेहता (कोषाध्यक्ष) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर में 744 जूनियर छात्र-छात्राएं, 73 काउंसलर/ट्रेनर, 45 वालंटियर, 23 एडवेंचर वालंटियर, 26 होमगार्ड/आपदा प्रबंधन काउंसलर, 38 नगर निगम काउंसलर एवं विश्वविद्यालय के लगभग 65 सदस्य सम्मिलित हुए।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में ग्वालियर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नर्मदापुरम, भोपाल सहित अन्य जिलों के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार अर्जित किए।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों में सेवा, मानवता, सामाजिक सद्भाव, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा आपदा एवं आवश्यकता के समय समाज की सेवा के लिए उन्हें सक्षम बनाते हैं।

आभार प्रदर्शन के साथ शिविर का विधिवत समापन हुआ। यह शिविर निश्चित रूप से “स्वस्थ युवा – स्वस्थ राष्ट्र” स्वास्थ्य, सेवा और मित्रता की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

CONTACT US

For any enquires, contact us at

Contact: 0755-257255

Email Us: mpredcrossbhopal@gmail.com

MP REDCROSS BHOPAL  @2024. All Rights Reserved.