सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान’’ का आयोजन अनूपपुर जिले में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को सुदृढ़ कर परिवार एवं समुदाय को सशक्त बनाना है। अभियान के अंतर्गत सोमवार को शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर के परिसर में सिकलसेल एनीमिया विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारी के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना तथा समाज में इसके प्रति जन-जागरूकता का प्रसार करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. आर. पी. सोनी ने विद्यार्थियों को सिकलसेल एनीमिया के कारण, लक्षण, निदान और बचाव संबंधी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उचित उपचार से सिकलसेल एनीमिया रोग को नियंत्रित किया जा सकता है तथा जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें उन्होंने सिकलसेल एनीमिया के प्रति समाज को जागरूक करने वाले नारे लगाए और आमजन से इस बीमारी की रोकथाम हेतु सतर्कता बरतने का आव्हान किया।
