

पृथ्वीपुर, 01 जून। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के निर्देशानुसार 01 जून 2026 को “सेवा दिवस” के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में कलेक्टर निवाड़ी श्रीमती जमुना भिड़े एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल झामनानी के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पृथ्वीपुर में जरूरतमंद क्षय (टीबी) रोगियों के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोगियों को पोषण सहायता हेतु फूड बास्केट तथा नियमित उपचार के लिए आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र निरंजन के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी रोगियों को उपचार के साथ-साथ पोषण संबंधी सहयोग प्रदान करना था, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकें। कार्यक्रम के दौरान मरीजों को नियमित दवा सेवन, पौष्टिक आहार ग्रहण करने तथा उपचार बीच में न छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. गजेंद्र निरंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। टीबी रोगियों को समय पर दवा और पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना उनके उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित सेवा दिवस इसी मानवीय सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर जिला क्षय कार्यक्रम के डीपीसी श्री बसंत सनेले, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित श्रीवास्तव, एसटीएस श्री अनादि पाण्डेय एवं श्री वीर प्रसाद वंशकार ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने रोगियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। सेवा दिवस के अवसर पर आयोजित इस मानवीय पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की तथा इसे समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला कदम बताया।
