


*एल एंड टी ने रेडक्रॉस सोसाइटी को 43 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान कर पेश की मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण*
एल एंड टी कंपनी (प्रोडक्ट सपोर्ट डिवीजन), बैढ़न एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, सिंगरौली द्वारा संचालित रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 24 जुलाई 2026 को कंपनी परिसर, बैढ़न में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 43 यूनिट रक्तदान किया। यह रक्त संग्रह जिले के विभिन्न चिकित्सालयों में उपचाररत जरूरतमंद एवं गंभीर मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा।
एल एंड टी लिमिटेड (प्रोडक्ट सपोर्ट डिवीजन), बैढ़न की ओर से श्री पार्थ प्रतिम दत्ता, श्री आशीष कुमार तिवारी, श्री आनंद स्वरूप वर्मा कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रक्तदान प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, सिंगरौली के चेयरमैन श्री एस. डी. सिंह, रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. आर. डी. द्विवेदी, अतिरिक्त मेडिकल डायरेक्टर डॉ एन के जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के सफल संचालन एवं रक्त संग्रहण में रेडक्रॉस ब्लड सेंटर की टीम के हरिशंकर गुप्ता, जय प्रकाश दुबे, शिवानी सिंह, रेशमा खातून एवं रामकली रजक का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, सिंगरौली के सचिव डा ओ पी राय ने एल एंड टी लिमिटेड के प्रबंधन, सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं तथा सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस महाअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
