

भारतीय रेडक्रास सोसायटी, जिला शाखा उमरिया की प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न*
उमरिया, दिनांक 25 अक्टूबर 2025।
भारतीय रेडक्रास सोसायटी, जिला शाखा उमरिया की प्रबंधन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आज जिला चिकित्सालय उमरिया के सभागार कक्ष में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भारतीय रेडक्रास सोसायटी, राज्य शाखा भोपाल के माननीय जनरल सेक्रेटरी श्री रामेन्द्र सिंह जी ने की। बैठक का शुभारंभ माँ भारती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंटकर किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं रेडक्रास समिति के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभापति श्री अखिलेश त्रिपाठी जी ने PPT प्रस्तुति के माध्यम से जिला रेडक्रास शाखा उमरिया द्वारा विगत वर्ष के दौरान की गई सामाजिक, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में रेडक्रास सोसायटी द्वारा जरूरतमंदों के लिए रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, जन जागरूकता अभियान, और प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण जैसे कई कार्यक्रम निरंतर रूप से संचालित किए जा रहे हैं। माननीय रामेन्द्र सिंह जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय रेडक्रास सोसायटी केवल एक संस्था नहीं बल्कि मानव सेवा की एक सशक्त विचारधारा है, जो निस्वार्थ भाव से समाज के कमजोर वर्गों की सहायता हेतु समर्पित है। उन्होंने कुपोषण की समस्या पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.एस. चंदेल को सिकल सेल रोगियों के पहचान कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए गए ताकि उन्हें समय पर आवश्यक उपचार एवं लाभ मिल सके। इसके साथ ही श्री रामेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत संचालित केंद्रों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन केंद्रों से मिलने वाली जेनरिक दवाएँ न केवल किफायती हैं, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी उच्च स्तर की है। उन्होंने जिला चिकित्सालय के समस्त चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे मरीजों को अधिक से अधिक जन औषधि केंद्रों से दवाएँ प्राप्त करने हेतु प्रेरित करें। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सी.पी.आर. (Cardio Pulmonary Resuscitation) का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में वे प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता देने में सक्षम हो सकें। बैठक में मुख्य रूप से श्री आत्माराम जी सामाजिक कार्यकर्ता, डॉ. वी.एस. चंदेल (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी), डॉ. संदीप सिंह (आर.एम.ओ.), श्री आर.एस. मराबी (जिला शिक्षा अधिकारी), डॉ. पूजा द्विवेदी (सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग), श्रीमती दिव्या गुप्ता (महिला एवं बाल विकास अधिकारी), श्री प्रभात (खनिज विभाग), रेड क्रॉस प्रबंधन समिति से श्री राकेश शर्मा, श्री राकेश कुमार सोनी (कोषाध्यक्ष), श्री तरुण कुमार सिंह (डायरेक्टर, एस.बी.आई.), श्री अनुराग तिवारी, श्री प्रिंस छगवानी, श्रीमती रजनी साहू, श्री बिष्णु लाल (एस.ई.सी.एल.), श्री आशीष तिवारी, श्री शुभम त्रिपाठी जी, श्री गणेश तिवारी जी, श्री तेज सिंह ठाकुर, श्री अतुल सिंह तथा डॉ. आर.बी. सिंह सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
