भोपाल। राजधानी भोपाल के गांधीनगर स्थित गांधी आश्रम छात्रावास में आशा कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, मध्य प्रदेश राज्य शाखा द्वारा 35 आशा कार्यकर्ताओं को स्वच्छता किट और पल्स ऑक्सीमीटर वितरित किए गए।
शिविर का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और सेवाभाव को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य शिविर के प्रभारी डॉ. सत्येंद्र बघेल ने बताया कि यह आयोजन रेडक्रॉस के राज्य महासचिव श्री रामेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस सोसाइटी विभिन्न सेवा बस्तियों में भी नियमित रूप से स्वच्छता किट का वितरण कर रही है, विशेष रूप से बालिकाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए।
कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी की प्रतिनिधि श्रीमती रीता खोंगल ने संस्था की विभिन्न सेवाओं की जानकारी साझा की और आशा कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर सेवा भारती, भोपाल के स्वास्थ्य आयाम प्रमुख डॉ. दिनेश शर्मा, गांधी आश्रम छात्रावास के श्री मनोज, नानक मंडल से पूर्णकालिक कार्यकर्ता श्री दिनेश पवार सहित अनेक आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं आशा बहनों का आभार व्यक्त किया गया। समस्त सहभागियों को यह संदेश दिया गया कि “स्वास्थ्य एवं स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की नींव है।”
